


भागलपुर प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले आठ जिलों में संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की स्थिति से निपटने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा को लेकर आयुक्त, मुंगेर सह भागलपुर प्रमंडल प्रेम सिंह मीणा की अध्यक्षता में ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भागलपुर, बांका, मुंगेर, लखीसराय, जमुई, खगड़िया, बेगूसराय एवं शेखपुरा जिलों द्वारा की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान अधिष्ठापित वर्षा मापक यंत्रों की स्थिति, संकटग्रस्त व्यक्तियों की पहचान, तटबंधों की सुरक्षा, नियंत्रण कक्ष की स्थापना, नावों की उपलब्धता तथा तैयार खाद्य सामग्री की आपूर्ति के लिए निविदा प्रक्रिया की जानकारी ली गई। इसके अलावा पॉलिथीन शीट्स की उपलब्धता, बाढ़ आश्रय स्थलों की तैयारी, सामुदायिक रसोई के संचालन तथा राहत कार्यों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने निर्देश दिया कि संभावित आपदा की स्थिति में दिव्यांगजन, निराश्रित, गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति, बच्चे, वृद्धजन, गर्भवती महिलाएं एवं धात्री माताओं जैसे संवेदनशील वर्गों की पूर्व पहचान सुनिश्चित कर उनके लिए आवश्यक सहायता एवं राहत की समुचित व्यवस्था की जाए।
बैठक में मानव दवाओं की उपलब्धता, मोबाइल मेडिकल टीम एवं मेडिकल कैंप की तैयारी, पशु चारा एवं पशु औषधियों की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, सड़कों की मरम्मत, जिला परिवहन योजना, आकस्मिक फसल योजना, संपूर्ति पोर्टल के अद्यतन, नोडल पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति तथा जनरेटर एवं पेट्रोमैक्स की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई।
आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की स्थिति को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं, ताकि आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकें और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।















