5
(1)

भागलपुर। मोहर्रम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने को लेकर आयुक्त, मुंगेर सह भागलपुर प्रमंडल प्रेम सिंह मीणा की अध्यक्षता में प्रमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। आयुक्त कार्यालय में आयोजित इस बैठक में भागलपुर एवं मुंगेर प्रमंडल के सभी जिलों के जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक तथा पुलिस उप महानिरीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

बैठक में भागलपुर, बांका, मुंगेर, लखीसराय, जमुई, खगड़िया, बेगूसराय एवं शेखपुरा जिलों में मोहर्रम पर्व को लेकर की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान संयुक्त आदेश निर्गत करने, शांति समिति की बैठकें आयोजित करने, जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना, दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं के तहत की गई कार्रवाई, ताजिया जुलूस के लाइसेंस निर्गत करने, त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) के गठन तथा स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी ली गई।

आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने सभी जिलों को निर्देश दिया कि पिछले वर्षों के मोहर्रम से संबंधित आंकड़ों और घटनाओं का विश्लेषण कर संवेदनशील स्थलों की पहचान की जाए। जिन स्थानों पर पूर्व में विवाद या तनाव की स्थिति रही हो, वहां विशेष सतर्कता बरती जाए और स्थानीय लोगों के साथ लगातार संवाद बनाए रखा जाए।

उन्होंने मोहर्रम आयोजन समितियों, शांति समिति के सदस्यों एवं गणमान्य व्यक्तियों के साथ समन्वय स्थापित करने पर बल देते हुए कहा कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही आवश्यकतानुसार बाउंड डाउन की कार्रवाई करने तथा नोटिसों की तामिला सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

आयुक्त ने सभी जिलों में क्यूआरटी का गठन करने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखने तथा ताजिया जुलूसों की वीडियोग्राफी कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के दौरान डीजे के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक, बेगूसराय ने पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की समय पर प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वहीं पुलिस उप महानिरीक्षक, मुंगेर ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने, बाउंड डाउन प्रस्तावों की संख्या बढ़ाने तथा कर्बला स्थलों पर तीन पालियों में पुलिस बल की तैनाती का सुझाव दिया।

आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने कहा कि मोहर्रम एक संवेदनशील पर्व है और इसके शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन के लिए सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाए तथा सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: