


नवगछिया । गंगा के बढ़ते जलस्तर और आगामी मानसून को देखते हुए नवगछिया अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे कटाव रोधी कार्यों का बुधवार को गुणवत्ता नियंत्रण टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और तकनीकी मानकों की जांच कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
जल संसाधन विभाग द्वारा गोपालपुर प्रखंड के इस्माइलपुर-बिंद टोली तथा रंगरा प्रखंड के ज्ञानी दास टोला और झल्लू दास टोला में बड़े पैमाने पर कटाव निरोधी कार्य कराए जा रहे हैं। इन्हीं कार्यों की समीक्षा के लिए कटिहार गुणवत्ता नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार एवं अभियंता गुड्डू कुमार ने संबंधित स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने ज्ञानी दास टोला पहुंचकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लिया। इस अवसर पर बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ई. गौतम कुमार, सहायक अभियंता अमितेश कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित थे।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि रंगरा चौक के झल्लू दास टोला में अप्रैल माह से चल रहा कटाव रोधी कार्य लगभग 70 प्रतिशत पूरा हो चुका है। यहां नदी के कटाव को रोकने के लिए 9 मीटर चौड़ाई में बोल्डर क्रेटिंग का कार्य कराया जा रहा है।
वहीं इस्माइलपुर-बिंद टोली तटबंध पर चल रहे सीट पाइलिंग कार्य का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा अभी शेष है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार मानसून को देखते हुए शेष कार्य को तेजी से पूरा कराया जा रहा है, ताकि संभावित बाढ़ और कटाव से क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता नियंत्रण टीम ने कार्यों के तकनीकी पहलुओं की समीक्षा करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य पूरा करने पर बल दिया। अधिकारियों ने कहा कि कटाव प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है और सभी कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है।
















