


नवगछिया । आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को गोपालपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार ने की। बैठक में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष ने कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और शांति का संदेश देता है। सभी समुदायों के लोग प्रशासन के साथ सहयोग करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मोहर्रम जुलूस एवं अखाड़ों में किसी भी प्रकार के धारदार हथियार के प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अलावा अश्लील गीतों के प्रसारण एवं डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष ने यह भी कहा कि पर्व के दौरान शराब, गांजा अथवा अन्य नशीले पदार्थों का सेवन एवं उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी।
उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अफवाह की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
बैठक में दरोगा कृष्ण कन्हैया, रसनदेव पासवान, अक्षय पराशर सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।
















