5
(3)

संगठन विस्तार और बूथ सशक्तिकरण पर दिया जोर

नवगछिया। भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई नवगछिया द्वारा प्रदेश महामंत्री राकेश झा (राजू) के प्रथम नवगछिया आगमन पर महाराज जी चौक पर भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पार्टी के नारों और फूल-मालाओं के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

स्वागत समारोह के उपरांत मारवाड़ी धर्मशाला में भाजपा जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद की अध्यक्षता में जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश महामंत्री राकेश झा एवं जिला प्रभारी पवन मिश्रा को अंगवस्त्र एवं पुष्पहार भेंट कर सम्मानित किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री राकेश झा ने संगठन की मजबूती को भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के बल पर निरंतर मजबूत हुआ है। आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों के मद्देनजर सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क अभियान चलाकर पार्टी की नीतियों, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

प्रदेश महामंत्री ने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की आधारशिला होता है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

जिला स्तरीय बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री राकेश झा ने स्थानीय वरिष्ठ नेताओं के साथ कोर कमेटी की विशेष बैठक भी की। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, बूथ प्रबंधन, सदस्यता अभियान तथा भविष्य की राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद अनिल कुमार यादव, पूर्व जिला महामंत्री मनोज कुमार पांडेय, जिला महामंत्री मुरारी लाल चिरानिया एवं प्रभुनंदन चौधरी, जिला प्रवक्ता कौशल जायसवाल, पंचायती राज प्रकोष्ठ संयोजक जिम्मी ठाकुर, बेटी बचाओ अभियान संयोजक अभिनंदन यादव, नगर निकाय प्रकोष्ठ संयोजक अनिल केजरीवाल, जिला मंत्री बासुकी मंडल, ममता रजक सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक के अंत में जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प दोहराया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 3

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: