


नवगछिया । बिहार में भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने बुधवार को भवन निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता पवन कुमार के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की जांच के सिलसिले में की गई।
जानकारी के अनुसार आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने पटना, भागलपुर, नोएडा सहित कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इसी क्रम में भागलपुर जिले के गोपालपुर प्रखंड अंतर्गत सैदपुर गांव स्थित अधीक्षण अभियंता के पैतृक आवास पर भी छापेमारी की गई।
बताया जाता है कि ईओयू की चार सदस्यीय टीम बुधवार दोपहर सैदपुर पहुंची और आवास के विभिन्न हिस्सों की जांच की। अधिकारियों ने घर के पांच कमरों में से संबंधित कमरे की तलाशी ली तथा परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की। हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तलाशी के दौरान कोई आपत्तिजनक दस्तावेज अथवा सामग्री बरामद होने की सूचना नहीं है।
छापेमारी की सूचना मिलते ही गांव में चर्चा का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घर के आसपास जुट गए। स्थानीय लोग शुरुआत में यह समझ नहीं पा रहे थे कि आखिर किस मामले में जांच एजेंसी की टीम गांव पहुंची है।
आर्थिक अपराध इकाई की कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वहीं अधिकारियों ने मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार अधीक्षण अभियंता पवन कुमार पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की जांच चल रही है। ईओयू द्वारा विभिन्न ठिकानों से प्राप्त दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















