


नवगछिया। बिहपुर थाना पुलिस ने हत्याकांड के एक मामले में कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहपुर थाना क्षेत्र के लत्तीपुर निवासी मुन्ना यादव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार इस मामले में अनुराग कुमार द्वारा बिहपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया था कि उनके भाई अभिषेक कुमार को घर से बुलाकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई तथा साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पेड़ से लटका दिया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और अनुसंधान के आधार पर आरोपी मुन्ना यादव को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच लगातार जारी है। इस हत्याकांड में इससे पूर्व भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है तथा मामले में संलिप्त अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि अनुसंधान के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















