
नवगछिया। नवगछिया पुलिस लाइन में खौलता दूध गिर जाने से एक बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई। घायल बच्ची की पहचान पुलिस जवान वरुण कुमार की पुत्री व्रतिका कुमारी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किसी कारणवश खौलता हुआ दूध बच्ची के शरीर पर गिर गया, जिससे वह झुलस गई। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और बच्ची को तत्काल उपचार के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया ले जाया गया।
बताया जाता है कि बच्ची के माता-पिता दोनों नवगछिया पुलिस लाइन में पुलिसकर्मी के पद पर कार्यरत हैं। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने बच्ची का प्राथमिक उपचार किया और उसकी स्थिति पर निगरानी रखी।
चिकित्सकों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण बच्ची को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस लाइन में भी लोगों ने बच्ची के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।












