


नवगछिया। नवगछिया-कटरिया रेलखंड के बीच जखबाबा स्थान के समीप रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत किसी ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल नवगछिया जीआरपी थाना को दी गई। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को पहचान के लिए सुरक्षित रखा गया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
जीआरपी पुलिस के अनुसार मृतक मध्यम आयु वर्ग का प्रतीत होता है। उसके शरीर पर हरे रंग का जींस पैंट, हरे एवं सफेद रंग का चेकदार शर्ट था। साथ ही उसके पास भगवा रंग का डंडा-डोर भी मिला है, जिसके आधार पर पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों सहित अन्य माध्यमों से मृतक की शिनाख्त कराने में जुटी हुई है। जीआरपी ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति उक्त हुलिये के व्यक्ति को पहचानता हो अथवा उसके क्षेत्र से कोई व्यक्ति लापता हो तो इसकी सूचना तत्काल नवगछिया जीआरपी थाना को दें।
जीआरपी थाना ने इस संबंध में यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मृतक की पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















