


ससुराल से मायके गोगरी खगड़िया के कन्हैयाचक जा रही महिला
नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिला क्षेत्र के नवगछिया थाना क्षेत्र के महदतपुर टोल प्लाजा के समीप शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतका की पहचान 35 वर्षीय अर्पणा देवी, पति विपुल शर्मा, निवासी खैरो, थाना चौसा, जिला मधेपुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अर्पणा देवी अपने पति विपुल शर्मा के साथ स्प्लेंडर बाइक से पुरैनी की ओर से अपनें मायका खगड़िया के अगुवानी परबत्ता अपनें मायके जा रही थीं। बाइक पर उनके दो बच्चे, 10 वर्षीय पुत्री माही कुमारी और 6 वर्षीय पुत्र विराट कुमार भी सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब पांच बजे महदतपुर टोल प्लाजा के समीप एक 18 चक्का ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अर्पणा देवी सड़क पर गिर गईं और ट्रक का चक्का उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में पति और दोनों बच्चे बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नवगछिया थाना एवं ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया। वहीं ट्रक और उसके चालक को पुलिस ने मौके पर ही अपने कब्जे में ले लिया।
हादसे के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ। ट्रैफिक पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जाम हटवाकर आवागमन सामान्य कराया।
परिजन पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल पहुंचे, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अर्पणा देवी अपने पीछे पति के अलावा 10 वर्षीय पुत्री माही कुमारी और छह वर्षीय पुत्र विराट कुमार को छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
















