


प्रभारी सचिव एवं डीएम ने लिया कार्यक्रम का जायजा
पूर्णिया।
बिहार सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले “पंचायत विकास दिवस” के तहत रविवार को पूर्णिया जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विभिन्न जनजागरूकता एवं विकासोन्मुखी कार्यक्रम आयोजित किए गए। पंचायत स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पंचायतों के समग्र विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
पूर्णिया पूर्व प्रखंड के डीमिया छतरजान पंचायत भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिले के प्रभारी सचिव बी. कार्तिकेय एवं जिलाधिकारी अंशुल कुमार शामिल हुए। दोनों अधिकारियों ने पंचायत विकास दिवस के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से पंचायतों के समग्र विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय आवश्यकताओं एवं सतत विकास के नौ प्रमुख लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें गरीब मुक्त एवं आजीविका उन्नत पंचायत, स्वस्थ पंचायत, बाल हितैषी पंचायत, जल पर्याप्त पंचायत, स्वच्छ एवं हरित पंचायत, आत्मनिर्भर आधारभूत संरचना युक्त पंचायत, सामाजिक न्याय एवं सामाजिक सुरक्षा युक्त पंचायत, सुशासन आधारित पंचायत तथा महिला हितैषी पंचायत के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया।

जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने कहा कि पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य ग्रामीणों की सहभागिता से विकास योजनाओं की समीक्षा करना, स्थानीय समस्याओं की पहचान करना तथा पंचायतों के समग्र एवं सतत विकास के लिए नई कार्ययोजना तैयार करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायतों से जुड़े विकास कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की नुक्कड़ नाटक टीम ने गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया। कलाकारों ने लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया। नुक्कड़ नाटक को ग्रामीणों ने काफी सराहा।
जिले के विभिन्न वरीय प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अलग-अलग पंचायतों में आयोजित पंचायत विकास दिवस कार्यक्रमों में भाग लेकर विकास योजनाओं की समीक्षा की तथा ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना।
पंचायत विकास दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पंचायत कर्मी, जीविका दीदियां, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने पंचायतों के सर्वांगीण विकास और जनभागीदारी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
















