5
(2)

प्रभारी सचिव ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की

पूर्णिया जिले में रविवार को पंचायत विकास दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पूर्णिया पूर्व प्रखंड के डिमिया छतरजान पंचायत भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का उद्घाटन लघु जल संसाधन विभाग के सचिव-सह-पूर्णिया जिला के प्रभारी सचिव बी. कार्तिकेय धनजी एवं जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इसी अवसर पर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का भी शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी सचिव बी. कार्तिकेय धनजी एवं जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की औपचारिक शुरुआत की। यह अभियान 28 जून से 2 जुलाई तक चलेगा, जिसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएगी।

इस अवसर पर प्रभारी सचिव ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक बच्चे को समय पर पोलियो की खुराक पिलाना आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को अभियान के दौरान पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रहे।

कार्यक्रम के दौरान पंचायत विकास दिवस के उद्देश्य पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि बिहार सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य ग्रामसभा के माध्यम से पंचायतों की आवश्यकताओं पर चर्चा करना, विकास योजनाओं की समीक्षा करना तथा पंचायत के सर्वांगीण विकास के लिए स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने कहा कि पंचायत विकास दिवस ग्रामीण विकास को नई दिशा देने का प्रभावी माध्यम है। ग्रामसभा के माध्यम से स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान की दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार की जाती है, जिससे विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त अंजनी कुमार, सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद कुमार कनौजिया, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य) सुरेंद्र कुमार दास, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: