


कॉलेज को रंगरा में ही संचालित करने की मांग, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
नवगछिया : तेजनारायण उच्च विद्यालय, रंगरा से डिग्री कॉलेज को विनोबा भावे विद्यालय स्थानांतरित किए जाने के विरोध में क्षेत्र में आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। सोमवार को रंगरा प्रखंड के ग्रामीणों, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने एकजुट होकर पहले विशाल आक्रोश मार्च निकाला, इसके बाद उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह ‘टाइगर’ एवं स्थानीय विधायक शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
रंगरा स्थित काली मंदिर परिसर से निकला आक्रोश मार्च बाजार के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और ग्रामीण शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने डिग्री कॉलेज के स्थानांतरण को तत्काल निरस्त करने की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
आंदोलनकारियों का कहना है कि डिग्री कॉलेज का संचालन तेजनारायण उच्च विद्यालय, रंगरा में ही होना चाहिए, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उनका आरोप है कि भवन निर्माण और आवश्यक पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद कॉलेज को बिना स्थानीय लोगों की सहमति के स्थानांतरित कर दिया गया, जिससे क्षेत्र की जनता में भारी नाराजगी है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह निर्णय रंगरा प्रखंड के छात्रों और अभिभावकों के हितों के विपरीत है। यदि स्थानांतरण का आदेश वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने प्रशासन एवं सरकार से अविलंब निर्णय पर पुनर्विचार करते हुए कॉलेज को पुनः रंगरा में संचालित करने की मांग की।

आंदोलनकारियों ने बताया कि क्षेत्र के लोगों के बीच लगातार बैठकें आयोजित कर आंदोलन की आगामी रणनीति तैयार की जा रही है। उन्होंने घोषणा की कि मंगलवार को भी इस मुद्दे को लेकर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं ग्रामीण शामिल होंगे।
आक्रोश मार्च एवं पुतला दहन कार्यक्रम में आशुतोष सिंह, जिम्मी ठाकुर, राजन ठाकुर, अनुज चौरसिया, सियाराम मंडल, अनुराग आर्य, मोहम्मद फारुख, मोहम्मद हाकीम, सिकंदर मंडल, गुलशन झा, आनंद सिंह, प्रियतोश सिंह, राजेश शर्मा, चितरंजन शर्मा, पंकज जायसवाल, जयप्रकाश मंडल, डब्लू ठाकुर, शंकर शर्मा, मोहम्मद असलम, आशीष मंडल, दिवाकर सिंह, बंटी ठाकुर, राकेश ठाकुर, विनोद ठाकुर, गोरे ठाकुर, लालू ठाकुर, अनिल ठाकुर, राजा जायसवाल, भरत भूषण गणपति सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।
















