


सरकारी मुआवजे की मांग, ग्रामीणों ने प्रशासन से की सहायता की अपील
नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के लतरा गांव में आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने से तीन गायों की मौत हो गई। इस घटना से दो पशुपालक किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है। घटना के बाद गांव में मायूसी का माहौल है और पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, अचानक मौसम खराब होने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से किसान दिवाकर कुमार और पंकज कुमार की तीन गायें इसकी चपेट में आ गईं। मौके पर ही तीनों गायों की मौत हो गई।
पीड़ित किसानों ने बताया कि उन्होंने काफी मेहनत और आर्थिक कठिनाइयों के बीच गायें खरीदी थीं। परिवार की आजीविका का मुख्य साधन यही पशुपालन था। गायों की मौत से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीण विभाष कुमार यादव ने प्रशासन से पीड़ित पशुपालकों को उचित सरकारी मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार को शीघ्र सहायता उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से घटना का सर्वे कराकर नियमानुसार मुआवजा देने की मांग की है, जिससे पीड़ित पशुपालकों को आर्थिक संबल मिल सके।
















