5
(1)

पूर्णिया। नगर निगम सभागार में मंगलवार को महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की पहली बैठक आयोजित की गई। समिति के गठन के बाद हुई इस पहली बैठक में नगर विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में उप महापौर, उप नगर आयुक्त एवं पदेन सदस्यों की उपस्थिति में पिछली बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि की गई तथा लंबित योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।

महापौर विभा कुमारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नगर निगम क्षेत्र की सभी लंबित विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता करने वाले संवेदकों के साथ-साथ संबंधित सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मानसून को देखते हुए बैठक में नगर निगम क्षेत्र के सभी बड़े एवं छोटे नालों की नियमित सफाई कराने तथा छोटे नालों की कनेक्टिविटी दुरुस्त करने का निर्णय लिया गया, ताकि जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। सभी वार्डों में साफ-सफाई की जिम्मेदारी निभा रही एजेंसियों को भी कड़ी चेतावनी दी गई कि लापरवाही मिलने पर भुगतान में कटौती के साथ उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। वहीं मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सभी वार्डों में नियमित फॉगिंग कराने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के आलोक में राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों किनारों से अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया गया। इस अभियान को सख्ती से लागू करने पर सहमति बनी। साथ ही यह भी तय किया गया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान यदि किसी नगर निगम कर्मी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज होता है तो उसका विधिक पक्ष नगर निगम संभालेगा।

हाल ही में नगर निगम क्षेत्र में शामिल पंचायतों में पेड़-पौधों की छंटाई एवं झाड़ियों की सफाई कराने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में बताया गया कि पेड़ों की डालियां काटने वाली मशीन की खरीद की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी समस्याओं पर नियंत्रण पाया जा सके।

जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम कार्यालय के सभी विभागीय काउंटरों पर नाम-पट्ट लगाने का निर्णय लिया गया, ताकि आम लोगों को संबंधित विभाग तक पहुंचने में परेशानी न हो। सहयोग शिविरों की समीक्षा के दौरान यह मुद्दा भी उठा कि प्रखंड एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी नियमित रूप से शिविरों में उपस्थित नहीं रहते हैं। इस पर संबंधित विभागों को पत्र भेजकर अधिकारियों एवं कर्मियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्णय लिया गया।

बैठक में शहर में लगे अवैध होर्डिंग को तत्काल हटाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में उप महापौर पल्लवी गुप्ता, उप नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह, पदेन सदस्य ममता सिंह, आशा महतो, कमली देवी, कुमारी खुशबू, मुर्शीदा खातून, स्वपन घोष, प्रदीप जायसवाल, सिटी मैनेजर पवन कुमार पवन, प्रधान सहायक उमेश यादव सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: