


पूर्णिया। जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विद्युत विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में भीषण गर्मी को देखते हुए जिले में निर्बाध एवं सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विद्युत आपूर्ति प्रमंडल पूर्वी एवं पश्चिमी के कार्यपालक अभियंताओं को उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कस्टमर केयर व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए हेल्पलाइन व्यवस्था प्रभावी होनी चाहिए तथा कस्टमर केयर के संपर्क नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी होने पर तत्काल सहायता मिल सके।

बैठक में कार्यपालक अभियंता ने बताया कि पूर्णिया जिले के दोनों विद्युत प्रमंडलों में दो-दो कस्टमर केयर नंबर संचालित हैं। पूर्णिया पश्चिम के उपभोक्ता 9264456425 एवं 9031633835 पर, जबकि पूर्णिया पूर्वी के उपभोक्ता 9264456431 तथा 06454-242777 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
इसके अलावा विभिन्न विद्युत प्रशाखाओं के कनीय विद्युत अभियंताओं के संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं। लाइन बाजार के लिए 7763814901, मधुबनी के लिए 7763814896, भट्ठा बाजार के लिए 7763814895, के.नगर के लिए 7763814898 तथा श्रीनगर प्रशाखा के लिए 7763818419 नंबर जारी किए गए हैं।
कार्यपालक अभियंता ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण जिले में बिजली की मांग में असामान्य वृद्धि हुई है। अधिक लोड के कारण कभी-कभी ट्रांसफार्मर जलने की समस्या भी सामने आती है। वर्तमान व्यवस्था के अनुसार शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 72 घंटे के भीतर जले हुए ट्रांसफार्मर को बदल दिया जाता है।
इस पर जिलाधिकारी ने ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया को और तेज करने का निर्देश देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को न्यूनतम समय में बिजली उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
















