


पूर्णिया। जिले के सभी प्रखंडों की चयनित पंचायतों में 7 जुलाई (मंगलवार) को पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर को लेकर जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर से पूर्व प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों का विभागीय मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि 7 जुलाई को आयोजित शिविर में आवेदकों को उनके मामलों के निष्पादन की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक चयनित पंचायत में पंचायत सरकार भवन अथवा पंचायत भवन में शिविर लगाया जाएगा। इसके लिए संबंधित नागरिकों से एक माह पूर्व से ही आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्या या शिकायत से संबंधित आवेदन संबंधित पंचायत सरकार भवन अथवा पंचायत भवन में जमा कर समयबद्ध समाधान का लाभ उठाएं।
जिले के जिन पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित होंगे, उनमें पूर्णिया पूर्व प्रखंड की गौरा पंचायत, के.नगर की गणेशपुर, श्रीनगर की खुट्टी हसैली, कसबा की मोहनी, जलालगढ़ की निज गेहूंवा, बनमनखी की हरिमुड़ी, बी.कोठी की नगापुर, भवानीपुर की शाहिदगंज, धमदाहा की निरपुर, रुपौली की डोभा मिलिक, अमौर की बरबट्टा, बैसा की आसियानी, बायसी की मलहरिया तथा डगरूआ की इचालो पंचायत शामिल हैं।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था), अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), सदर अनुमंडल पदाधिकारी, वरीय कोषागार पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। वहीं प्रखंड एवं अनुमंडल स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
















