


पूर्णिया। पूर्णिया जिले के छह प्रखंडों में जल्द ही डिग्री कॉलेजों का संचालन शुरू होगा। इसे लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंगलवार को जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में कॉलेजों के संचालन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जलालगढ़, के.नगर, श्रीनगर, रुपौली, बैसा एवं अमौर प्रखंडों में डिग्री कॉलेजों का संचालन शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में डिग्री कॉलेजों के लिए खरीदे जा रहे फर्नीचर, उपकरण एवं अन्य सामग्रियों की गुणवत्ता की जांच वरीय अधिकारियों से कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही भवन निर्माण एवं अन्य व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए सभी कार्य समय पर पूरा करने को कहा गया।
विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन डिग्री कॉलेजों तक आवागमन के लिए पिंक बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पिंक बस सेवा के रूट का शीघ्र निर्धारण करने का निर्देश दिया, ताकि कॉलेज शुरू होने के साथ ही छात्र-छात्राओं को परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
समीक्षा बैठक में शिक्षा विभाग, भवन निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों के सुचारु संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तय समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान सरकार के ‘सात निश्चय-3’ के तहत प्रत्येक प्रखंड में मॉडल विद्यालय स्थापित करने की योजना की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अंचल अधिकारियों एवं डीसीएलआर को निर्देश दिया कि मॉडल विद्यालय निर्माण के लिए आवश्यक भूमि का प्रस्ताव मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप निर्धारित समय के भीतर उपलब्ध कराया जाए

बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), जिला आपूर्ति पदाधिकारी, संबंधित कार्यपालक अभियंता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। वहीं अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
















