


पटना ; भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह ने बुधवार को बिहार विधान परिषद (एमएलसी) सदस्य के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने “जय भोजपुरी, जय बिहार” का नारा लगाते हुए बिहार में फिल्म सिटी स्थापित करने की मांग की।

पवन सिंह ने कहा कि बिहार प्रतिभाशाली कलाकारों की धरती है, लेकिन यहां संसाधनों और अवसरों की कमी के कारण कई कलाकार अपनी प्रतिभा को सही मंच नहीं दे पाते। उन्होंने कहा कि अगर बिहार में फिल्म सिटी बनती है तो इससे भोजपुरी फिल्म उद्योग को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय कलाकारों को राज्य में ही अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार इस दिशा में सकारात्मक पहल करेगी, जिससे बिहार फिल्म निर्माण और मनोरंजन उद्योग का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सके।
















