


नवगछिया। जी.बी. कॉलेज, नवगछिया में बुधवार को यूजी (सीबीसीएस) प्रथम सेमेस्टर, सत्र 2026–30 के नव नामांकित विद्यार्थियों के लिए ‘दीक्षा आरंभ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सत्येंद्र कुमार ने किया। इसका उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में स्वागत करना तथा उन्हें उच्च शिक्षा, विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं छात्र सुविधाओं से अवगत कराना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वाह्न 11 बजे महाविद्यालय परिसर में हुआ। इसमें प्रथम एवं द्वितीय चयन सूची के तहत नामांकित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक परंपराओं, नियमित कक्षाओं के संचालन, आंतरिक मूल्यांकन प्रणाली, पुस्तकालय, एनसीसी, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा व्यक्तित्व विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
प्राचार्य डॉ. सत्येंद्र कुमार ने विद्यार्थियों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने, अनुशासन का पालन करने तथा अध्ययन के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ अपने शैक्षणिक लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में डॉ. दिव्य प्रियदर्शी, डॉ. मो. मोसर्रत हुसैन, डॉ. अर्शदुजमा, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. सुनील कुमार, प्रधान सहायक मो. रिजवान अली, शिक्षकेत्तर कर्मी मुकेश पोद्दार सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं सैकड़ों नव नामांकित विद्यार्थी उपस्थित रहे।
















