


नवगछिया । बिहपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 60 लीटर देशी शराब बरामद की है। इस दौरान शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भवानीपुर थाना क्षेत्र के सतियारा भ्रमरपुर निवासी सूरज कुमार मंडल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 30 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा मंच बहियार में कुछ लोग अवैध रूप से देशी शराब की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही बिहपुर थाना की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 60 लीटर देशी शराब बरामद की। साथ ही शराब के निर्माण, भंडारण एवं अवैध खरीद-बिक्री के आरोप में सूरज कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया।
बिहपुर थाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस मामले के अन्य संभावित आरोपियों एवं अवैध शराब कारोबार के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
















