


नवगछिया। परबत्ता थाना क्षेत्र के राघोपुर बिन टोली में बुधवार सुबह साइकिल को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक ही परिवार के पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में चल रहा है। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा।
घायलों में शत्रुघ्न कुमार, उनके पिता जय राम महतो एवं भाई राजेश महतो शामिल हैं।
घायल शत्रुघ्न कुमार ने बताया कि उनका परिवार मछली का व्यवसाय करता है। बुधवार सुबह एक ग्राहक मछली खरीदने उनके घर आया था और अपनी साइकिल दरवाजे पर खड़ी कर दी थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी प्रदीप कुमार बिना अनुमति के साइकिल ले गया और उसे बेचने का प्रयास करने लगा।
उन्होंने बताया कि जब साइकिल के संबंध में पूछताछ की गई तो दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान लाठी-डंडों एवं हाथापाई में शत्रुघ्न कुमार, उनके पिता जय राम महतो तथा भाई राजेश महतो घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलने पर परबत्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला था। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।
















