


नवगछिया। नवगछिया थाना क्षेत्र स्थित इंटरस्तरीय हाईस्कूल नवगछिया में नवम वर्ग की परीक्षा के दौरान छात्रों के बीच हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि छात्रों के परिजनों के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट हुई, जिसमें आधा दर्जन छात्र घायल हो गए। घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया में भर्ती कराया गया, जहां से एक छात्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया।
घायलों में रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी नीतीश कुमार, शिवम कुमार, चंदन कुमार, लव कुमार सहित अन्य छात्र शामिल हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विद्यालय में नवम वर्ग की परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान एक छात्र का दूसरे छात्र से धक्का लग गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों ने अपने-अपने परिजनों को विद्यालय बुला लिया।
बताया जाता है कि कुछ ही देर में धोबिनिया एवं भवानीपुर से बड़ी संख्या में लोग विद्यालय परिसर के बाहर पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान लाठी-डंडे चलने से आधा दर्जन छात्र घायल हो गए।
परिजनों के अनुसार, नीतीश कुमार अपने भाई चंदन कुमार को बचाने पहुंचे थे। इसी दौरान उन पर हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में करीब दो घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों में दहशत व्याप्त रही। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना समय पर पुलिस को नहीं दी गई, जिससे स्थिति काफी देर तक अनियंत्रित बनी रही।
इधर, विद्यालय की प्राचार्य विनीता राय ने बताया कि मारपीट की घटना विद्यालय परिसर के बाहर हुई है। उन्होंने कहा कि उन्हें मारपीट की विस्तृत जानकारी नहीं है।
पुलिस मामले की जानकारी मिलने के बाद पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है। दोनों पक्षों से प्राप्त आवेदन एवं जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















