


पूर्णिया: नगर निगम के वार्ड संख्या 37 की वार्ड पार्षद सुनीता मांझी का बुधवार को दिल्ली में इलाज के दौरान निधन हो गया। गुरुवार को उनका पार्थिव शरीर नगर निगम परिसर लाया गया, जहां महापौर विभा कुमारी, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मियों ने अंतिम दर्शन कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया तथा शोक स्वरूप नगर निगम कार्यालय पूरे दिन बंद रखा गया।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए महापौर विभा कुमारी ने कहा कि स्वर्गीय सुनीता मांझी का निधन केवल उनके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे नगर निगम परिवार और पूर्णिया शहर के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि सुनीता मांझी ने वार्ड पार्षद के रूप में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जनसेवा की। उनका सरल, सहज और मिलनसार व्यक्तित्व तथा आम लोगों की समस्याओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता हमेशा याद की जाएगी।
भावुक महापौर ने कहा कि सुनीता मांझी उनके लिए बड़ी बहन समान थीं। उनका रिश्ता केवल जनप्रतिनिधियों का नहीं, बल्कि बहनों जैसा था। उन्होंने कहा कि हर कदम पर सुनीता मांझी का मार्गदर्शन और स्नेह मिला, जिसकी कमी हमेशा महसूस होगी। उन्होंने बताया कि बीमारी के दौरान वह स्वयं उनसे मिलने गई थीं और सभी को उम्मीद थी कि वह स्वस्थ होकर लौटेंगी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
महापौर ने कहा कि सुनीता मांझी ने आंगनबाड़ी की नौकरी छोड़कर समाजसेवा और जनप्रतिनिधित्व का मार्ग चुना था। पहली बार वार्ड पार्षद बनने के बावजूद उन्होंने जिस सक्रियता और संवेदनशीलता के साथ जनता की समस्याओं को उठाया, वह अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में उन्होंने स्वयं भी सुनीता मांझी से बहुत कुछ सीखा।
उन्होंने शोकाकुल परिवार की सेवा भावना की भी सराहना करते हुए कहा कि बीमारी के दौरान उनके पति अजय मांझी सहित पूरे परिवार ने पूरी निष्ठा से उनकी देखभाल की। वहीं पुत्र गोलू कुमार ने अपनी मां की सेवा कर पुत्र धर्म का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
महापौर ने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा नगर निगम परिवार अजय मांझी एवं शोकाकुल परिजनों के साथ खड़ा है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
बाद में मनिहारी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में शहरवासी, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
श्रद्धांजलि सभा में उप नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह, सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी जितेन्द्र यादव, अजय मांझी सहित नगर निगम के कई वार्ड पार्षद, अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
















