


पूर्णिया: पूर्णिया विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में आयोजित सिंडिकेट बैठक के दौरान छात्र-छात्राओं से जुड़े विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक मुद्दों को लेकर छात्र प्रतिनिधियों ने सिंडिकेट सदस्यों को 20 सूत्री मांगपत्र सौंपा।
ज्ञापन सिंडिकेट सदस्य अशोक कुमार बादल एवं एम.पी. सिंह को सौंपा गया। इसमें विश्वविद्यालय में लंबित शैक्षणिक कार्यों, परीक्षा व्यवस्था, नामांकन प्रक्रिया, पीएचडी, प्रमाण-पत्र वितरण, समर्थ पोर्टल की तकनीकी समस्याओं तथा छात्रहित से जुड़े विभिन्न मामलों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।

छात्र प्रतिनिधियों ने मांग की कि पीएचडी सत्र 2024 एवं 2025 की प्रवेश परीक्षा जल्द आयोजित की जाए। साथ ही लंबित अंकपत्र, मूल एवं प्रोविजनल प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएं तथा दीक्षांत समारोह आयोजित कर विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाए। स्नातक पार्ट-1 के छूटे विद्यार्थियों के लिए विशेष परीक्षा आयोजित करने, विभिन्न सत्रों के लंबित अंकपत्र जारी करने तथा एमबीए, बीसीए एवं अन्य पाठ्यक्रमों में नामांकन प्रक्रिया शुरू करने की भी मांग की गई।
मांगपत्र में पीएचडी शोध कार्यों में हो रही देरी दूर करने, अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पीएचडी कोर्स वर्क परीक्षा शीघ्र आयोजित कराने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के सेमिनार आयोजित करने की भी मांग उठाई गई।
इसके अलावा समर्थ पोर्टल की तकनीकी खामियों को दूर करने, निजी पोर्टलों के माध्यम से अतिरिक्त शुल्क वसूली पर रोक लगाने, PAT-2023 के अभ्यर्थियों को अंकपत्र एवं क्वालिफाइंग प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने, पीजी एवं एलएलबी नामांकन प्रक्रिया शुरू करने तथा परीक्षा विभाग में कथित अवैध वसूली और आउटसोर्सिंग व्यवस्था की जांच कराने की मांग भी शामिल रही।
छात्र प्रतिनिधियों ने प्रमाण-पत्रों की गुणवत्ता, सुरक्षा होलोग्राम से जुड़े मामलों की उच्चस्तरीय जांच, एमएचएनडी महाविद्यालय में कथित अवैध शुल्क वसूली की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने तथा UMIS जैसी समानांतर व्यवस्था समाप्त कर केवल समर्थ पोर्टल के माध्यम से नामांकन सुनिश्चित करने की भी मांग की।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित समस्याओं के कारण हजारों विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है। इसलिए विश्वविद्यालय प्रशासन सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे।
इस अवसर पर छात्र जदयू के जिला अध्यक्ष अंकित झा, उपाध्यक्ष किशन भारद्वाज, अमन श्रीवास्तव, सम्राट सिंह, आयुष तथा विद्यार्थी परिषद की ओर से रितेश यादव, डीएम कुमार, विकास कुमार, आयुष राज आनंद, चंदन, हिमांशु, नितीश पासवान, नितिन, पीयूष, रौनक कुमार सहित अन्य छात्र उपस्थित थे।

















