


नवगछिया: पुलिस जिला नवगछिया की साइबर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से ब्लैकमेलिंग और साइबर उत्पीड़न के एक मामले का त्वरित उद्भेदन करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार को एक महिला ने साइबर थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई कि कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी तथा वर्तमान में काढ़ागोला निवासी प्रसन्न कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से उससे संपर्क स्थापित किया। आरोप है कि आरोपी ने महिला के निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर अवैध रूप से रुपये की मांग की।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर उसके संबंध में आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की, जिससे उसका लगातार साइबर उत्पीड़न किया गया।
महिला की शिकायत के आधार पर साइबर थाना नवगछिया में कांड संख्या 34/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के माध्यम से सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल नंबर तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया।
जांच में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रसन्न कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक डिजिटल साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं तथा आरोपी के विरुद्ध अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
















