5
(2)

दियारा के हजारों ग्रामीणों ने कॉलेज यथास्थान रखने की उठाई मांग, सरकार के निर्णय का किया समर्थन

नवगछिया । रंगरा प्रखंड में राजकीय डिग्री महाविद्यालय की स्थापना को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। एक ओर रंगरा के ग्रामीण कॉलेज को वापस लाने की मांग को लेकर पिछले एक सप्ताह से धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन पर डटे हुए हैं, वहीं दूसरी ओर रविवार को तीनटंगा दियारा के ग्रामीणों ने डिग्री कॉलेज को दियारा में ही बनाए रखने के समर्थन में विशाल बैठक आयोजित कर सरकार के निर्णय का समर्थन किया।

संत विनोबा उच्च विद्यालय, तीनटंगा दियारा परिसर में आयोजित खुली बैठक में तीनटंगा दियारा उत्तर एवं तीनटंगा दियारा दक्षिण पंचायत के हजारों ग्रामीण, अभिभावक, छात्र-छात्राएं तथा दोनों पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में एक स्वर से दियारा क्षेत्र में ही राजकीय डिग्री महाविद्यालय संचालित करने की मांग की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए मुखिया गणेश मंडल, पूर्व मुखिया भोला मंडल, मुखिया सिकंदर दास, मुखिया अश्वनी कुमार, मुखिया नगीना पासवान तथा पूर्व मुखिया भुवनेश्वर दास ने कहा कि दियारा क्षेत्र सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक दृष्टि से अब भी पिछड़ा हुआ है। यहां के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v62), default quality?

वक्ताओं ने कहा कि दियारा में डिग्री कॉलेज की स्थापना क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी। इससे उच्च शिक्षा की पहुंच बढ़ेगी और शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक विकास होगा। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार का यह निर्णय दियारा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

बैठक में उपस्थित लोगों ने बिहार सरकार, मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि डिग्री कॉलेज को यहां से हटाने का प्रयास किया गया तो दियारा क्षेत्र के लोग भी अपने अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

इस अवसर पर मुखिया मानकेश्वर सिंह, पूर्व मुखिया संजीत पासवान, मनोज रजक, सरपंच योगेंद्र प्रसाद दास, सरपंच विष्णुदेव शर्मा, पंचायत समिति सदस्य चांदनी देवी, उपमुखिया तारा देवी, जदयू नेता व्यास जी दास, शिक्षाप्रेमी वकील सिंह, विकास कुमार, विनोद बिंदु, अवधेश कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन जदयू प्रखंड अध्यक्ष भोला मंडल ने किया, जबकि अध्यक्षता मुखिया गणेश प्रसाद मंडल ने की। बैठक में दियारा क्षेत्र के विकास और शिक्षा के विस्तार के लिए डिग्री कॉलेज को यथास्थान संचालित रखने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: