


पूर्णिया । श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले कांवरियों की सेवा के लिए संचालित होने वाला निःशुल्क पूर्णिया सेवा शिविर इस वर्ष अपने 14वें वर्ष में प्रवेश करेगा। 30 दिवसीय इस सेवा शिविर का भव्य उद्घाटन 30 जुलाई को सुल्तानगंज–देवघर मुख्य मार्ग स्थित कटोरिया के विश्वकर्मा नगर (बांका) में होगा। शिविर का संचालन 24 अगस्त तक लगातार किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर बुधवार को गुलाबबाग जीरोमाइल स्थित एक होटल में ट्रस्टी सदस्यों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता ट्रस्टी सदस्य एवं व्यवसायी संघ के अध्यक्ष श्रवण कुमार उर्फ बबलू चौधरी ने की। बैठक में शिविर के सफल संचालन, सेवा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, भोजन, आवास, सुरक्षा, स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही ट्रस्टी सदस्यों एवं स्वयंसेवकों के बीच अलग-अलग दायित्वों का वितरण किया गया।

श्रवण कुमार उर्फ बबलू चौधरी ने कहा कि श्रावणी मेला में शिवभक्तों की सेवा करना सभी के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि पिछले 13 वर्षों से समाज के सभी वर्गों के सहयोग से यह सेवा अभियान निरंतर संचालित हो रहा है। इस वर्ष शिविर को पहले से अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधासंपन्न बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि बाबा धाम जाने वाले प्रत्येक कांवरिया को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने सभी ट्रस्टी सदस्यों एवं स्वयंसेवकों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की।
ट्रस्टी सदस्य जितेंद्र यादव ने कहा कि निःशुल्क पूर्णिया सेवा शिविर सामाजिक समरसता, सेवा भावना और धार्मिक आस्था का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह किसी एक संस्था या व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूर्णिया जिले के लोगों के सामूहिक सहयोग का परिणाम है। उन्होंने जिले के व्यवसायियों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं एवं आम नागरिकों से बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से इस वर्ष भी हजारों कांवरियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
ट्रस्टी सदस्य राजीव कुमार ने बताया कि शिविर में कांवरियों के लिए निःशुल्क आवास, भोजन, चाय-नाश्ता, फलाहार, ठंडा एवं गर्म पेयजल, शरबत, नींबू-पानी, चिकित्सा सुविधा, चिकित्सक, एम्बुलेंस, स्नानागार तथा शौचालय की समुचित व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा प्रतिदिन सुबह-शाम आरती, पूजा-अर्चना एवं भजन-संध्या का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
गौरतलब है कि वर्ष 2013 से लगातार संचालित हो रहा निःशुल्क पूर्णिया सेवा शिविर श्रावणी मेला के दौरान कांवरियों की सेवा का प्रमुख केंद्र बन चुका है। इसके संचालन में जिले के व्यवसायी, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी रहती है।
बैठक में ट्रस्टी सदस्य राजीव कुमार, वार्ड पार्षद अंजनी साह सहित बड़ी संख्या में ट्रस्टी सदस्य एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
















