


पूर्णिया । टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत पूर्णिया जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को लाइन बाजार स्थित इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी भवन में टीबी से पीड़ित मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने की। इस दौरान उन्होंने 100 से अधिक टीबी मरीजों को स्वस्थ होने के लिए पोषण सामग्री उपलब्ध कराई तथा उन्हें नियमित दवा के साथ पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी।

जिलाधिकारी ने कहा कि टीबी से पीड़ित कई मरीज आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण पर्याप्त पोषण नहीं ले पाते हैं। ऐसे मरीजों को निक्षय मित्र योजना के तहत नियमित रूप से पोषण सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि उपचार के साथ उनका पोषण स्तर भी बेहतर हो और वे जल्द स्वस्थ हो सकें।
उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में रोगियों की पहचान के लिए स्क्रीनिंग, कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और जांच अभियान को लगातार तेज किया जा रहा है। संक्रमित मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी नियमित निगरानी भी की जा रही है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्य किया जा रहा है।
डीएम ने बताया कि निक्षय मित्र योजना के अंतर्गत जरूरतमंद मरीजों को सोयाबीन, दाल, खाद्य तेल एवं अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। उपचार की अवधि के दौरान लगभग पांच से छह माह तक मरीजों को यह सुविधा दी जाती है, जिससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत हो सके।
उन्होंने कहा कि सिविल सर्जन एवं जिला यक्ष्मा पदाधिकारी के नेतृत्व में जिले को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-गांव जाकर मरीजों की पहचान कर रही है तथा उन्हें आवश्यक उपचार और पोषण सहायता उपलब्ध करा रही है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने रेड क्रॉस भवन के जीर्णोद्धार कार्य की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भवन में आधुनिक ब्लड सेपरेशन यूनिट स्थापित की जा रही है। अगले 15 से 20 दिनों में यह सुविधा शुरू होने के बाद जिले के लोगों को रक्त एवं रक्त अवयव आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे, जिससे आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।
सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद कुमार कनौजिया ने बताया कि जिले में लगातार सर्वे और जांच अभियान चलाकर टीबी मरीजों की पहचान की जा रही है। मरीजों को निःशुल्क दवा के साथ निक्षय मित्र योजना के माध्यम से पौष्टिक आहार भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस भवन के सुदृढ़ होने से जिलेवासियों को रक्त जांच और रक्त उपलब्धता जैसी स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में जिला संचारी रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. मो. तनवीर हैदर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य) सोरेंद्र कुमार दास, डीपीएस राजेश कुमार शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित थे।
















