


बनमनखी अंचल के प्रपत्र-6 एवं प्रपत्र-8 के लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर, रूपौली शिविर प्रभारी से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण
पूर्णिया । पूर्णिया जिले के बनमनखी अंचल एवं विभिन्न राजस्व शिविरों में चल रहे विशेष भूमि सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यों की समीक्षा बुधवार को अपर समाहर्ता-सह-बंदोबस्त पदाधिकारी रवि राकेश ने की। समीक्षा बैठक में सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी (मुख्यालय), राजस्व अधिकारी-सह-कानूनगो, प्रधान सहायक तथा 13 विशेष सर्वेक्षण सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी-सह-शिविर प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में अपर समाहर्ता ने बनमनखी अंचल की प्रगति की समीक्षा करते हुए सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी (मुख्यालय) को प्रत्येक सप्ताह कार्यों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि अंचल के सभी 87 राजस्व ग्रामों में खानापुरी का कार्य पूरा हो चुका है। अब खानापुरी के बाद लंबित प्रपत्र-6 की प्रविष्टि का कार्य एक माह के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने बनमनखी अंचल में प्रपत्र-8 के तहत लंबित 583 दावा-आपत्तियों के मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही चेतावनी दी कि लंबित मामलों में अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि चांदपुर बगहा, रामपुर तिलक और जानकीनगर राजस्व ग्रामों में प्रपत्र-6 की प्रविष्टि का कार्य दो वर्षों से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए अपर समाहर्ता ने संबंधित अधिकारियों को अगस्त 2026 तक हर हाल में यह कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में बनमनखी के अलावा जिले के अन्य 12 अंचलों के शिविर प्रभारियों एवं हवाई सर्वेक्षण एजेंसी के प्रतिनिधियों को भी निर्देश दिया गया कि वर्तमान सप्ताह के अंत तक सभी राजस्व ग्रामों में त्रिसीमाना एवं सीमा सत्यापन का कार्य पूरा करें। इसके साथ ही किश्तवार कार्य प्रारंभ करने तथा अमौर शिविर में एक सप्ताह के भीतर त्रिसीमाना कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में रूपौली शिविर प्रभारी की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए अपर समाहर्ता ने सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी (मुख्यालय) को संबंधित अधिकारी से कारण बताओ स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विशेष भूमि सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्य सरकार की प्राथमिकता में है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
















