


भागलपुर संवाददाता। प्रमंडलीय आयुक्त भागलपुर प्रमंडल, भागलपुर-सह-आयुक्त, मुंगेर प्रमंडल, मुंगेर की अध्यक्षता में श्रावणी मेला, 2026 जो 30 जुलाई से प्रारंभ होकर 28 अगस्त तक चलेगी, की तैयारियों से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें दोनों प्रमंडल के सभी जिला के जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, वरीय पुलिस अधीक्षक, मुंगेर प्रमंडल के पुलिस उप महानिरीक्षक तथा भागलपुर प्रमंडल के पुलिस महानिरीक्षक उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त रेलवे के मालदा डिविजन के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। बैठक में श्रावणी मेला के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु विभिन्न विभागों द्वारा किये जा रहे कार्यों की प्रगति की विस्तार पूर्वक समीक्षा की गई। साथ ही, लंबित कार्यों को एक सप्ताह के अंदर पूर्ण करवाने का निदेश दिया गया। मेला के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, मुलभूत सुविधांए;- पेयजल, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा, सुचारू यातायात, विद्युत की उपलब्धता इत्यादि विषयों पर संबंधित जिला पदाधिकारियों से पूछताछ की गई। मेला के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण हेतु पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति एवं उनके आवासन हेतु आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया। सीसीटीवी कैमरा के अधिष्ठापन एवं इसके माध्यम से निगरानी किये जाने पर विशेष बल दिया गया। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह पर अस्थायी शौचालय, पेयजल की व्यवस्था एवं इसकी नियमित साफ-सफाई कराये जाने का भी निदेश दिया गया। मेला के दौरान भीड़भाड़ वाले जगहों पर जमा होने वाले कचड़ा के नियमित निष्पादन किये जाने का भी निदेश दिया गया है। मेला के दौरान श्रद्धालुओं को पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराये जाने हेतु जगह-जगह नये चापाकल लगाये जाने के अलावा पुराने चापाकल को यथाशीघ्र मरम्मत कर चालू कराने का निदेश दिया गया है। पथ निर्माण विभाग को निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत कांवरिया पथ में बालू बिछाने का कार्य पूर्ण करने का निदेश दिया गया। कांवरिया पथ एवं सभी होल्डिंग पॉइंट पर अवस्थित विद्युत पोल से जुड़े तारों की मरम्मति, ढीले तारों को हटाया जाना, रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था किया जाना इत्यादि कार्यों को एक सप्ताह के अंदर पूर्ण कराने का निदेष दिया गया। इसके अतिरिक्त पूरे कांवरिया पथ में एवं होल्डिंग पॉइंट पर अस्थायी चिकित्सा केन्द्र की स्थापना के साथ-साथ पर्याप्त संख्या में चिकित्सा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति एवं आवश्यक दवाओं एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निदेश दिया गया। कांवरिया पथ में खुलने वाले सभी भोजनालों के लिए दर का निर्धारण के साथ-साथ इसके गुणवत्ता के जांच हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निदेश दिया गया।आकस्मिक स्थिति में आपदा से निपटने हेतु एसडीआरएफ़ की टीम की प्रतिनियुक्ति करने का निदेश दिया गया। मेला के अवसर पर लगने वाले टेंट सिटी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रचार-प्रसार हेतु पर्यटन विभाग को आवश्यक निदेश दिया गया। बांका जिला के चांदन प्रखंड में बनाये जाने वाले पार्किंग स्थल पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने हेतु विशेष तैयारी किये जाने पर बल दिया गया। सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के माध्यम से जगह-जगह होर्डिंग, बैनर के द्वारा उपलब्ध कराये जाने वाले सुविधाओं को प्रचारित करने का निदेश दिया गया।
















