


नवगछिया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला इकाई नवगछिया की ओर से भागलपुर नागरिक परिषद के नवनियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नागरिक परिषद के नवनियुक्त उपाध्यक्ष प्रो. गौतम कुमार तथा सदस्य कौशल जायसवाल, दिनेश सिंह और पुलकित सिंह निषाद का अंगवस्त्र एवं मिठाई देकर सम्मान किया गया।
समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद, पूर्व जिला अध्यक्ष सुबोध सिंह कुशवाहा, पूर्व जिला महामंत्री मनोज कुमार पांडेय, जिला महामंत्री मुरारीलाल चिरानिया, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष कुणाल गुप्ता, अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष शंभू पासवान, लोजपा (रामविलास) के जिला अध्यक्ष बिजेंद्र शर्मा तथा मंडल अध्यक्ष रंजीत झा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भागलपुर नागरिक परिषद जनहित एवं विकास कार्यों को नई गति देगी।

इस अवसर पर भाजपा के डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म पर नवगछिया जिला इकाई के बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त करने की उपलब्धि की भी जानकारी दी गई। इस उपलब्धि पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद ने जिले के सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और तकनीकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता संगठन की टीम भावना, कड़ी मेहनत और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्पण और सक्रिय भागीदारी के कारण नवगछिया जिला इकाई ने पूरे बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त कर संगठन का गौरव बढ़ाया है। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
















