


नवगछिया। नवगछिया की बेटी साक्षी भारती ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा उत्तीर्ण कर ग्रामीण विकास पदाधिकारी (Rural Development Officer) बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता पर एसपीएस ताइक्वांडो प्रशिक्षण केंद्र में अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी एवं मुख्य प्रशिक्षक जेम्स फाइटर के नेतृत्व में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने साक्षी भारती का अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं मिठाई खिलाकर सम्मान किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों ने उनकी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए साक्षी भारती ने खिलाड़ियों और युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि हर दिन अपना लक्ष्य तय करें और उसी दिन उसे पूरा करने का प्रयास करें। जीवन में निरंतरता बनाए रखें, कभी हिम्मत न हारें। सफलता एक दिन में नहीं मिलती, लेकिन यदि मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास बनाए रखा जाए तो मंजिल अवश्य मिलती है।
उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल करने की सबसे बड़ी कुंजी है। युवाओं को अपने सपनों पर विश्वास रखते हुए निरंतर आगे बढ़ते रहना चाहिए।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक जेम्स फाइटर ने कहा कि साक्षी भारती बचपन से ही पढ़ाई के प्रति बेहद समर्पित और अपने लक्ष्य के प्रति सजग रही हैं। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन के बल पर यह बड़ी सफलता हासिल की है। उनकी उपलब्धि नवगछिया की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
समारोह में ताइक्वांडो खिलाड़ी शिवम कुमार, प्रिया कुमारी, हर्षित कुमार, हरिओम कुमार, मनतशा परवीन, केशव कुमार, कौशिक कुमार, संजीव कुमार, सफकत गनी, मीनाक्षी कुमारी, अनन्या वात्सल्य सहित शिक्षाविद सुमित कुमार साहू, कंचन सिंह, टिशु कुमारी, समाजसेवी संजय कुमार सुमन एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने साक्षी भारती को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी सफलता को नवगछिया के लिए गर्व का क्षण बताया।
















