


नवगछिया की नतिनी एवं अंतरराष्ट्रीय शूटर ख्वाइश शर्मा ने जर्मनी में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर न सिर्फ नवगछिया और बिहार, बल्कि पूरे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मारवाड़ी युवा मंच, नवगछिया जागृति शाखा द्वारा सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया गया।

ख्वाइश शर्मा, नवगछिया के सुप्रसिद्ध समाजसेवी एवं श्याम बाबा के परम भक्त स्वर्गीय मदन बाबा महाराज की नतिनी हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे नवगछिया में गर्व और खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नवगछिया की बेटी ने जिस तरह अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, वह पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है।
जर्मनी में आयोजित विश्वस्तरीय प्रतियोगिता के एलिमिनेशन राउंड में ख्वाइश शर्मा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद फाइनल मुकाबले में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और अपने इवेंट में भारतीय खिलाड़ियों में प्रथम स्थान हासिल कर भारत का गौरव बढ़ाया। उनकी इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाने का दम रखती हैं।
सम्मान समारोह के दौरान मारवाड़ी युवा मंच, नवगछिया जागृति शाखा की महिलाओं ने ख्वाइश शर्मा को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर शाखा की पदाधिकारियों ने कहा कि नवगछिया की नतिनी की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर शाखा की अध्यक्ष श्वेता बुबना, सचिव रिंपा केडिया, पूजा शर्मा, सीमा गारोड़िया, रिया चिरानिया, रितु चिरानिया, नीतू चिरानिया, कविता अग्रवाल, कंचन खेमका, रश्मि सराफ सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहीं। सभी ने ख्वाइश शर्मा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आने वाले समय में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और नवगछिया का नाम रोशन करती रहेंगी।
















