5
(2)

जी.बी. कॉलेज की मूलभूत समस्याओं को लेकर प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन

नवगछिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की नवगछिया नगर इकाई ने जी.बी. कॉलेज में परीक्षा के दौरान एक छात्रा द्वारा वीडियो बनाए जाने की घटना के बाद परीक्षा रद्द किए जाने की चर्चाओं का विरोध करते हुए छात्रहित में परीक्षा निरस्त नहीं करने की मांग की है। परिषद ने कहा कि यदि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए, लेकिन हजारों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए।

CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v62), default quality?

इसी मांग को लेकर एबीवीपी के प्रतिनिधिमंडल ने जी.बी. कॉलेज के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि किसी एक छात्र या परीक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मी की गलती की सजा सभी विद्यार्थियों को देना न्यायोचित नहीं है। परिषद ने महाविद्यालय प्रशासन से छात्रहित को सर्वोपरि रखते हुए परीक्षा रद्द करने या पुनर्परीक्षा कराने जैसे निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की।

इस दौरान एबीवीपी ने महाविद्यालय की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। परिषद ने बॉयज़ कॉमन रूम की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, शौचालयों की नियमित सफाई, सभी कक्षाओं में पंखों की व्यवस्था, शिक्षकों की कमी दूर करने तथा जिन विषयों में मेजर (ऑनर्स) की पढ़ाई उपलब्ध नहीं है, उन्हें शीघ्र शुरू करने की मांग की।

एबीवीपी के नगर मंत्री शुभम कुमार ने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा छात्रहित के लिए संघर्ष करती रही है। यदि परीक्षा में किसी स्तर पर अनियमितता हुई है तो दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन निर्दोष विद्यार्थियों पर दोबारा परीक्षा का बोझ डालना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन को निष्पक्ष निर्णय लेते हुए छात्रों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

जी.बी. कॉलेज इकाई के कॉलेज मंत्री अंश राज ने कहा कि किसी एक व्यक्ति की गलती का खामियाजा हजारों छात्र-छात्राओं को नहीं भुगतना चाहिए। इससे विद्यार्थियों को मानसिक, आर्थिक और शैक्षणिक नुकसान होगा। परिषद की मांग है कि दोषियों की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए तथा परीक्षा रद्द करने के प्रस्ताव को वापस लिया जाए।

कॉलेज उपाध्यक्ष शुभम कुमार ने कहा कि एबीवीपी केवल परीक्षा से जुड़े मुद्दों तक सीमित नहीं है, बल्कि महाविद्यालय में बेहतर शैक्षणिक माहौल और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए भी लगातार संघर्ष कर रही है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना महाविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर मंत्री शुभम कुमार, कॉलेज मंत्री अंश राज, कॉलेज उपाध्यक्ष शुभम कुमार, छोटू, अक्षय सहित एबीवीपी के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: