


पूर्णिया।
जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया में शनिवार को शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों के उत्कृष्ट योगदान, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के सम्मान में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की जानकारी पहले से सार्वजनिक नहीं की गई थी। जैसे ही सम्मान समारोह की घोषणा हुई, पूरे सभागार में उत्साह और खुशी का माहौल बन गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन डॉ. पीयूष अग्रवाल, वाइस चेयरमैन शैलेन्द्र गुप्ता, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुजीत प्रसाद, प्रधानाचार्या पुलोमा नंदी, एडमिनिस्ट्रेटर प्रीतम दास, उप-प्रधानाचार्य राज कुमार दास, वरिष्ठ शैक्षणिक समन्वयक त्रिबेणी पाण्डेय सहित सभी शिक्षक, समन्वयक, गैर-शिक्षण कर्मचारी एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान विद्यालय प्रबंधन ने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया। यह सम्मान उनके अनुकरणीय कार्य, नवाचार, समर्पण और विद्यालय के प्रति उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों का तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उत्साहवर्धन किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित शिक्षक और कर्मचारी होते हैं। उनके परिश्रम, अनुशासन और प्रतिबद्धता से ही संस्था निरंतर सफलता और उत्कृष्टता की ओर अग्रसर होती है। ऐसे सम्मान समारोह कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें और अधिक उत्साह एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।
प्रबंधन ने कहा कि यह आयोजन केवल सम्मान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार के बीच आत्मीयता, टीम भावना और पारस्परिक सम्मान को भी मजबूत करने का माध्यम बना। इस पहल से शिक्षकों एवं कर्मचारियों में नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और बेहतर कार्य संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
विद्यालय प्रबंधन ने दोहराया कि जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल अपने शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सम्मान, प्रोत्साहन और सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। विद्यालय का मानना है कि शिक्षकों और कर्मचारियों का सम्मान ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, श्रेष्ठ संस्कार और सुदृढ़ कार्यसंस्कृति की आधारशिला है।
















