


भागलपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। लोदीपुर थाना पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचा। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की चार मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार, लोदीपुर थाना क्षेत्र के कोढ़ा गांव निवासी पवन मंडल ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत थाना में दर्ज कराई थी। मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर तीन संदिग्धों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड के गोड्डा जिले के पत्थरगामा थाना क्षेत्र निवासी राहुल कुमार और मिथुन कुमार, तथा बांका जिले के धनकुंड थाना क्षेत्र निवासी देवानंद कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की, जहां से चोरी की कुल चार मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद वाहनों के संबंध में पुलिस आवश्यक जांच और सत्यापन कर रही है।
इस मामले को लेकर सिटी एसपी अतुलेश झा ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपी अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि चोरी की गई मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे अपराधों में किया जाता था।
सिटी एसपी ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी हुई है और जल्द ही इस मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि जिले में वाहन चोरी और संगठित अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।
















