


भागलपुर नगर निगम में कर संग्रहण का कार्य कर रहे निजी कंपनी के कर संग्रहकों ने लंबित वेतन एवं ईपीएफ-ईएसआईसी की राशि के भुगतान की मांग को लेकर सोमवार को स्मार्ट सिटी भवन में तालाबंदी कर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की घोषणा की।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले 9 से 12 महीनों से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। इसके अलावा नियुक्ति के समय से अब तक करीब 40 महीनों का ईपीएफ और ईएसआईसी का अंशदान भी जमा नहीं कराया गया है। इससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।
कर्मचारियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार नगर आयुक्त को लिखित आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। उनका आरोप है कि पिछले छह महीनों से नगर निगम द्वारा संबंधित निजी कंपनी को कमीशन की राशि का भुगतान नहीं किए जाने के कारण कर्मचारियों का वेतन अटका हुआ है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वेतन नहीं मिलने से उनके परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और दैनिक जरूरतों को पूरा करना भी चुनौती बन गया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से धैर्य रखने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिसके कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक लंबित वेतन, ईपीएफ और ईएसआईसी की राशि का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक उनकी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने नगर निगम प्रशासन और संबंधित कंपनी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
प्रदर्शन में कर्मचारी नेता मोहम्मद असफल दयाल, शिव कुमार (तहसीलदार), मोहम्मद हयाद (तहसीलदार) तथा नवीन कुमार सिंह (तहसीलदार) समेत बड़ी संख्या में कर संग्रहक मौजूद रहे। कर्मचारियों ने कहा कि यदि जल्द उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
















