


भागलपुर जिले के शाहकुंड प्रखंड के खैरा मोड़ क्षेत्र में खेत की जुताई के दौरान एक किसान पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल किसान मोहम्मद अयूब का इलाज जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज) में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, मोहम्मद अयूब ट्रैक्टर से अपने खेत की जुताई करा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पहले उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए। आर्थिक तंगी के कारण बाद में उन्हें मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घायल के पुत्र ने आरोप लगाया कि उनके पिता की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। जिन लोगों पर हमला करने का आरोप है, वे रिश्ते में उनके दादा लगते हैं। उन्होंने कहा कि घटना के बाद न तो आरोपियों ने कोई मदद की और न ही गांव के लोगों ने सहयोग किया। परिवार ने किसी तरह घायल को अस्पताल पहुंचाया।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
















