


नवगछिया । बिहार सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम के तहत स्थापित 211 नए राजकीय डिग्री कॉलेजों में बुधवार से विधिवत पठन-पाठन कार्य का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में राजकीय डिग्री कॉलेज, गोपालपुर में भी गरिमामय समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में आभासी माध्यम से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं बिजेन्द्र प्रसाद यादव शामिल हुए।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार सरकार शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है। आर्थिक विषमता को समाप्त कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सभी वर्गों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नए डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन की शुरुआत केवल शैक्षणिक गतिविधियों का आरंभ नहीं, बल्कि बिहार के शिक्षा जगत में एक नए युग का सूत्रपात है।

गोपालपुर महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अभयानंद सहाय ने कहा कि नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना से उच्च शिक्षा का दायरा और व्यापक होगा। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा। सामूहिक प्रयास से ही सामाजिक एवं शैक्षणिक परिवर्तन संभव है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी निशांत ने कहा कि किसी भी बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए छोटे-छोटे दैनिक लक्ष्य निर्धारित करना आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से अनुशासित शैक्षणिक वातावरण विकसित करने और नियमित अध्ययन पर जोर देने की अपील की।
प्रखंड प्रमुख साकेत बिहारी ने महाविद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह संस्थान गोपालपुर क्षेत्र के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वहीं स्थानीय मुखिया अमित कुमार ने भी महाविद्यालय परिवार और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कॉलेज की स्थापना को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं कुमारी राजकन्या, प्रेमलता कुमारी एवं सीता कुमारी द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। इसके बाद महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजकुमार प्रसाद ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह महाविद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
समारोह में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह, डॉ. धर्मेन्द्र दास, डॉ. मंजू कुमारी, डॉ. महेश कुमार, लिपिक गौरव कुमार, कनीय अभियंता निकिता कुमारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी घनश्याम पासवान, सहायक लेखापाल अर्चना कुमारी, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, लालजी सिंधिया मुकुंदपुर के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि राजकीय डिग्री कॉलेज, गोपालपुर क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विकास, युवा सशक्तीकरण और सामाजिक परिवर्तन का सशक्त केंद्र बनकर उभरेगा।
















