


नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के नवटोलिया-लतरा के बीच ग्रामीण सड़क पर कपड़ा बेचकर लौट रहे एक फेरीवाले के साथ मारपीट एवं छिनतई की घटना सामने आई है। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों पर मारपीट कर मोबाइल फोन और कपड़े छीन लेने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलने के बाद गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।

पीड़ित मोहम्मद तबरेज अंसारी ने बताया कि वह गांव-गांव घूमकर कपड़ा बेचने का काम करता है। बुधवार को नवटोलिया-लतरा मार्ग से गुजरने के दौरान दो से तीन अज्ञात लोग वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि बदमाशों ने उसका मोबाइल फोन तथा कपड़ों का सामान छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की सत्यता एवं आरोपितों की पहचान करने में जुटी है। पीड़ित के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
















