5
(2)

सीमा सुरक्षा को और मजबूत करने के दिए निर्देश

पूर्णिया। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) सीमांत मुख्यालय पटना के महानिरीक्षक (आईजी) निशित कुमार उज्ज्वल, आईपीएस ने गुरुवार को क्षेत्रक मुख्यालय पूर्णिया का एक दिवसीय औपचारिक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा व्यवस्था, परिचालन तैयारियों एवं प्रशासनिक कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सीमा सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v62), default quality?

क्षेत्रक मुख्यालय पूर्णिया पहुंचने पर महानिरीक्षक का स्वागत उप महानिरीक्षक (डीआईजी) मधुकर अमिताभ एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने किया। आगमन के उपरांत एसएसबी की सुसज्जित टुकड़ी ने उन्हें पारंपरिक गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया।

निरीक्षण के दौरान आईजी ने क्षेत्रक मुख्यालय के प्रशासनिक कार्यालयों, अभिलेखों एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को भारत-नेपाल सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा ग्रिड को और अधिक मजबूत करने, सीमा पार होने वाली अवैध गतिविधियों एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा सीसीटीवी और ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ाने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान महानिरीक्षक ने मुख्यालय में आयोजित सैनिक सम्मेलन की अध्यक्षता भी की। सम्मेलन में उन्होंने जवानों से सीधे संवाद कर उनकी प्रशासनिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं को सुना तथा उनके समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने जवानों का मनोबल बढ़ाते हुए कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। सैनिक सम्मेलन का समापन राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

औपचारिक कार्यक्रम के बाद महानिरीक्षक निशित कुमार उज्ज्वल 52वीं वाहिनी एसएसबी, अररिया के लिए रवाना हो गए। इस अवसर पर उप महानिरीक्षक मधुकर अमिताभ सहित क्षेत्रक मुख्यालय के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: