


नवगछिया। जी.बी. कॉलेज, नवगछिया के बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (बीसीए) विभाग द्वारा सोमवार को 29वें स्थापना दिवस सह प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2026–29) के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत समारोह का आयोजन महाविद्यालय परिसर में उत्साह, उल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह में शिक्षकों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सत्येंद्र कुमार ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में बीसीए एक अत्यंत महत्वपूर्ण, तकनीक आधारित एवं रोजगारपरक पाठ्यक्रम है। सूचना प्रौद्योगिकी के तेजी से बढ़ते क्षेत्र में युवाओं के लिए अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, तकनीकी दक्षता, नवाचार और सतत अध्ययन को अपनाकर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने का आह्वान किया।
बीसीए विभाग के समन्वयक डॉ. मो. मोसर्रत हुसैन ने विभाग की स्थापना से लेकर अब तक की विकास यात्रा, शैक्षणिक उपलब्धियों एवं विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की संरचना, उच्च शिक्षा एवं रोजगार की संभावनाओं से अवगत कराते हुए तकनीकी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बीसीए विभाग लगातार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक तकनीकी ज्ञान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर डॉ. कलाधर मंडल, डॉ. फिरोज अहमद, डॉ. दिव्य प्रियदर्शी, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. सुनील कुमार, श्री शैलेश कुमार झा एवं श्री वारिस अहमद ने अपने विचार व्यक्त करते हुए नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, नवाचार और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का आकर्षक एवं प्रभावी मंच संचालन आयुषी एवं सुमन कुमारी ने किया। समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने गीत, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया और अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिया को प्रथम, स्वप्निल शुभम को द्वितीय तथा प्रियंका को तृतीय स्थान प्राप्त होने पर सम्मानित किया गया। विजेताओं को प्राचार्य एवं शिक्षकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के समापन पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए उनके सफल शैक्षणिक जीवन की कामना की गई। इस अवसर पर डॉ. ऊषा शर्मा, डॉ. नील कमल, कर्मचारी मुकेश पोद्दार, बिरंची यादव सहित सोनम, पल्लवी, पूजा एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, सौहार्द और शैक्षणिक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।














