


नवगछिया:
परबत्ता थाना पुलिस ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान जमुनिया निवासी मो. इलियास के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, जमुनिया निवासी शेख तसलीम ने परबत्ता थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि जमीन विवाद को लेकर पड़ोसी मो. इलियास एवं 8-9 अन्य लोगों ने उनके तथा उनके परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

पीड़ित के आवेदन के आधार पर परबत्ता थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपित मो. इलियास को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि कांड में संलिप्त अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।















