


भागलपुर:
बिहार बंद के दौरान शनिवार को भागलपुर के तिलकामांझी चौक पर प्रदर्शन उस समय उग्र हो गया, जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पथराव किया गया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। घटना में पुलिस के कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए तथा कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंद के समर्थन में बड़ी संख्या में छात्र एवं अन्य प्रदर्शनकारी तिलकामांझी चौक पर एकत्र हुए थे। प्रदर्शन के दौरान स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच झड़प शुरू हो गई। पथराव के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालात पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया तथा पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। तिलकामांझी चौक एवं आसपास के इलाकों को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सघन निगरानी शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज एवं वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था भंग करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन के अनुसार स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्ती और निगरानी की जा रही है।
















