


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। तिलकामांझी क्षेत्र में शनिवार को छात्रों का प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया, जिसके बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। प्रदर्शन के दौरान उपद्रवियों ने दो सरकारी वाहनों समेत कुल तीन गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जबकि एक स्मारक चिन्ह को भी नुकसान पहुंचाया गया। इस संबंध में भागलपुर के डीएम और एसएसपी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि स्थिति बिगड़ते ही पुलिस और जिला प्रशासन ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया। कार्रवाई के दौरान 20 उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया है। प्रशासन के अनुसार, घटना में कुछ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सभी की स्थिति सामान्य बताई गई है।
जिला प्रशासन का कहना है कि संयुक्त कार्रवाई के बाद हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। घटना में शामिल अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्वरित कार्रवाई के कारण किसी आम नागरिक या निजी संपत्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने लोगों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

















