


भागलपुर। सबौर थाना क्षेत्र के खनकित्ता के समीप हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में अस्पताल के सुरक्षा गार्ड अजीत कुमार की मौत हो गई। वह ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गए। इस घटना से परिजनों में मातम छा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अजीत कुमार को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इधर, देर तक घर नहीं पहुंचने पर उनकी बेटी अलका कुमारी और अन्य परिजन चिंतित हो गए। उन्होंने करीब तीन से चार घंटे तक ब्लॉक चौक, सबौर और आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश की। इसी दौरान लोगों से जानकारी मिली कि पेट्रोल पंप के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई है।
परिजन जब घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां एक पलटी हुई कार, क्षतिग्रस्त टोटो और अजीत कुमार का सामान मिला, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद वे मायागंज अस्पताल पहुंचे, जहां काफी खोजबीन के बाद अस्पताल परिसर में रखे शव की पहचान अजीत कुमार के रूप में हुई। शव की पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया।
मृतक की बेटी अलका कुमारी ने बताया कि उनके पिता डॉक्टर गुलाम रब्बानी के यहां सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन चालक के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई, उचित मुआवजा तथा न्याय की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
















