


नवगछिया: भागलपुर वन प्रमंडल ने अवैध आरा मिलों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नवगछिया अनुमंडल के बिहपुर प्रखंड में संचालित तीन अवैध आरा मिलों को सील कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बभनगामा बाजार सहित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर लाखों रुपये मूल्य की बेशकीमती लकड़ियां, आरा मिल की मशीनें और आरी ब्लेड जब्त किए।
वन प्रमंडल पदाधिकारी आशुतोष राज के निर्देश पर वनों के क्षेत्र पदाधिकारी कुमार गौतम और कम्पनी कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक, नवगछिया के सहयोग से बिहपुर, झंडापुर और खरीक थाना पुलिस की मौजूदगी में अभियान शांतिपूर्ण ढंग से चलाया गया।
छापेमारी के दौरान अवैध रूप से संचालित तीन आरा मिलों को सील कर दिया गया। मौके से शीशम, महोगनी और सागवान जैसी बहुमूल्य लकड़ियों के साथ आरा मिल में इस्तेमाल होने वाली मशीनें और आरी ब्लेड बरामद किए गए। संबंधित संचालकों के खिलाफ बिहार काष्ठ चिरान अधिनियम एवं भारतीय वन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि भागलपुर वन प्रमंडल क्षेत्र में अवैध आरा मिलों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। विभाग ने भागलपुर, कहलगांव और नवगछिया क्षेत्र के सभी अवैध आरा मिल संचालकों को तत्काल संचालन बंद करने की चेतावनी देते हुए कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस अभियान में वन विभाग के अधिकारियों, वनपालों, वनरक्षियों तथा भागलपुर, कहलगांव और नवगछिया वन प्रमंडल के बड़ी संख्या में वनकर्मियों ने भाग लिया।

















