


दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप, नवगछिया थाना पुलिस दोनों मामलों की कर रही जांच
नवगछिया। उच्च माध्यमिक विद्यालय पुनामा प्रतापनगर में शिक्षकों के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले दर्ज प्राथमिकी के बाद अब इस मामले में दूसरी प्राथमिकी भी नवगछिया थाना में दर्ज की गई है। इस बार विद्यालय की शिक्षिका निरूपमा कुमारी ने अंग्रेजी शिक्षिका खुशबू कुमारी एवं एक अन्य शिक्षिका के विरुद्ध मारपीट, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। दोनों पक्षों की ओर से दर्ज कराए गए मामलों की पुलिस जांच कर रही है।
निरूपमा कुमारी द्वारा दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि 23 जुलाई को विद्यालय में प्रार्थना सभा के बाद राष्ट्रगान चल रहा था। इसी दौरान विद्यालय का मुख्य गेट खोलने में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी मोहम्मद शमशाद को करीब पांच मिनट की देरी हो गई। इसे लेकर अंग्रेजी शिक्षिका खुशबू कुमारी कथित रूप से कर्मचारी मोहम्मद शमशाद और चलित्तर मंडल को डांटने लगीं।

आवेदन के अनुसार, शोर-शराबा सुनकर जब निरूपमा कुमारी बरामदे में पहुंचीं तो खुशबू कुमारी को यह संदेह हुआ कि उनका वीडियो बनाया जा रहा है। इसके बाद उन्होंने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए उनका मोबाइल छीन लिया और महिला कक्ष में जाकर मोबाइल पटक दिया। जब निरूपमा कुमारी मोबाइल लेने पहुंचीं तो आरोप है कि खुशबू कुमारी एवं शिक्षिका रुक्मणी कुमारी ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे उनका सिर दीवार से टकरा गया। इसके बाद दोनों ने उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद वह मानसिक रूप से आहत और सदमे में होने की बात कही है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व इसी मामले में विद्यालय की अंग्रेजी शिक्षिका खुशबू कुमारी ने नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए विद्यालय के शिक्षक विमलेंदु विमल, अभय कुमार तथा शिक्षिका निरूपमा कुमारी पर गाली-गलौज, मारपीट, अभद्र व्यवहार एवं जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था।
एक ही घटना को लेकर दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद मामला और उलझ गया है। नवगछिया थाना पुलिस ने दोनों प्राथमिकी दर्ज कर ली है और सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















