


नवगछिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर में घर के बाहर खेल रहे एक मासूम बच्चे पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे तत्काल अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एंटी-रेबीज (डॉग बाइट) का टीका लगाया।

घायल बच्चे की पहचान लक्ष्मीपुर निवासी मोहम्मद सद्दाम के पुत्र मोहम्मद अनस के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि अनस घर के दरवाजे पर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक एक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया और उसके ललाट (माथे) पर काट लिया। कुत्ते के हमले से बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसके बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।
अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि सामान्यतः कुत्ते के काटने के घाव पर टांका (स्टीच) नहीं लगाया जाता है, लेकिन इस मामले में बच्चे के माथे पर गहरा जख्म होने के कारण चिकित्सकीय आवश्यकता को देखते हुए टांका लगाना पड़ा। चिकित्सकों का कहना है कि कुत्ते ने काफी आक्रामक तरीके से हमला किया था, जिससे घाव गहरा हो गया।
उपचार के बाद बच्चे को आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सकीय परामर्श के साथ घर भेज दिया गया। चिकित्सकों ने परिजनों को समय पर सभी निर्धारित एंटी-रेबीज टीके लगवाने और बच्चे की नियमित चिकित्सकीय निगरानी कराने की सलाह दी है।
















